Breaking News
Sat. Oct 17th, 2026

हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान आमने-सामने; हैंडशेक होगा या नहीं? जानें क्या कहते हैं नियम

भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबला शुरू होने से पहले इस बार सिर्फ मैदान पर होने वाली टक्कर ही चर्चा में नहीं है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक होगा या नहीं, यह सवाल भी मुकाबले से पहले सुर्खियों में है। दोनों देशों की टीमें हॉकी विश्वकप के अहम मुकाबले में दूसरे दौर में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी।

हैंडशेक को लेकर क्या है रुख?
क्रिकेट में हाल के मुकाबलों में भारतीय टीम ने मैच से पहले और बाद की पारंपरिक हैंडशेक प्रक्रिया से दूरी बनाई है। हालांकि, हॉकी में स्थिति अलग रही है। हॉकी इंडिया ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि वह क्रिकेट की राह पर नहीं चलेगा और ओलंपिक चार्टर तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा। हालांकि, हाल ही में एफआईएच प्रो लीग के मुकाबलों और जूनियर स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों को मैच से पहले हाई-फाइव करते देखा गया है।

क्या कहते हैं नियम?
क्रिकेट की तरह हॉकी में भी खिलाड़ियों को हैंडशेक करने के लिए बाध्य करने वाला कोई विशेष नियम नहीं है, लेकिन मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाना खेल भावना से जुड़ी एक पारंपरिक परंपरा है, जिसे सामान्य खेल भावना, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) और ओलंपिक चार्टर के सिद्धांतों के तहत देखा जाता है।

हॉकी में प्रोटोकॉल और नियम

  • हैंडशेक अनिवार्य नहीं: एफआईएच की आधिकारिक नियमावली में ऐसा कोई औपचारिक नियम नहीं है, जिसके तहत खिलाड़ियों के लिए हाथ मिलाना अनिवार्य हो या ऐसा नहीं करने पर कोई कानूनी दंड दिया जाए।
  • खेल भावना की परंपरा: मैच से पहले लाइन-अप, हाथ मिलाना और हाई-फाइव खेल भावना तथा निष्पक्ष खेल से जुड़ी पारंपरिक प्रक्रियाओं का हिस्सा हैं।
  • हॉकी इंडिया का रुख: हॉकी इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह ओलंपिक चार्टर के सिद्धांतों का पालन करता है और खिलाड़ियों को विरोधी टीम के खिलाड़ियों से बातचीत या मेलजोल करने से नहीं रोकता।

रोमियो जेम्स ने क्या कहा?
भारत के पूर्व खिलाड़ी रोमियो जेम्स ने इस पूरे मामले को ज्यादा महत्व देने के बजाय मैदान पर प्रदर्शन पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘इसे मैदान पर दिखाइए। मैदान पर अपनी स्पष्ट मानसिकता दिखाइए। ज्यादा गोल कीजिए और उन्हें जवाब दीजिए। बस खेलिए, मैदान के बाहर दोस्ताना रहिए और हाथ मिलाइए। हाथ मिलाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। मैदान पर 100 प्रतिशत तैयार रहिए।’

भारत-पाकिस्तान का हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमें अब तक 183 मुकाबलों में आमने-सामने हुई हैं। पाकिस्तान ने इनमें 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत को 69 मुकाबलों में सफलता मिली है। 32 मैच ड्रॉ रहे हैं। विश्वकप की बात करें तो यहां भारत का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक पांच मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने तीन और पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं।

भारत के लिए क्यों अहम है मुकाबला?
मुकाबले का समीकरण भी बेहद महत्वपूर्ण है। भारत जीत दर्ज करता है तो अगले दौर में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का अभियान खत्म हो जाएगा। पाकिस्तान जीतता है तो भारत दूसरे दौर की दौड़ से बाहर हो जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड और वेल्स के मुकाबले के नतीजे का इंतजार करना होगा। ड्रॉ की स्थिति में भारत को अगले दौर में पहुंचने के लिए इंग्लैंड की वेल्स पर जीत या दोनों के बीच ड्रॉ की उम्मीद करनी होगी।

Related Post